Rourkela News: बैंडबाजे के शोर के बीच चाय दुकानदार की चाकू घोंपकर हत्या, तीनों आरोपी फरार

Rourkela News: अमर भवन के पास शुक्रवार की रात एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गयी. मृतक रेलवे स्टेशन के पास चाय की दुकान चलाता था.

By BIPIN KUMAR YADAV | February 7, 2026 11:27 PM

Rourkela News: राउरकेला रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार की रात अमर भवन के सामने चाय दुकानदार गोपबंधुपाली के अविनाश यादव (26) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गयी. घटना को तीन बदमाशों ने गैंग बनाकर अंजाम दिया. हमला उस वक्त किया, जब वहां से बारात जा रही थी तथा बैंडबाजे के शोर के बीच किसी को कुछ सुनायी नहीं दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी बारात के अंदर से ही होकर वहां से फरार हाे गये. यह घटना रात करीब 9:30 बजे हुई. हत्या का मकसद साफ नहीं हो सका है. सूचना मिलने पर प्लांट साइट पुलिस अमर भवन पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला. पुलिस घटना की जांच कर रही है.

बिहार का रहने वाला था अविनाश यादव

जानकारी के अनुसार बिहार का रहने वाला अविनाश यादव अपने भाई के साथ गोपबंधुपाली में परिवार के साथ रहता था. राउरकेला स्टेशन के सामने उसकी चाय की दुकान है. अविनाश और उसका भाई दोनों चाय बेचते थे. हर दिन की तरह अविनाश का भाई घर गया हुआ था और उसकी जगह अविनाश चाय बेच रहा था. रात करीब 9:30 बजे वह शौच के लिए अमर भवन के पास टॉयलेट में गया था. जब वह वहां से दुकान लौट रहा था तो अचानक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक पहुंचे और अविनाश के साथ गाली-गलौज करने लगे. जब उसने विरोध किया तो तीनों युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. जब अविनाश अपनी जान बचाने के लिए भागा, तो उन्होंने उसका पीछा किया और उस पर चाकू से और हमला किया.

हमला करने के बाद फरार हुए अपराधी

अविनाश के खून से लथपथ होकर गिरने के बाद तीनों युवक वहां से फरार हो गये. इस हमले के बारे में किसी को कुछ पता नहीं चल सका क्योंकि उस समय बारात जा रही थी. बारात के बाद एक स्थानीय दुकानदार ने अविनाश को गंभीर हालत में पड़ा देखा और उसे एक प्राइवेट अस्पताल ले गया. वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर प्लांट साइट पुलिस की टीम और अन्य सीनियर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपियों की पहचान नहीं कर पायी थी.