Rourkela News: दिनभर धूप ने किया परेशान, शााम में आंधी-पानी से कई इलाकों में जलजमाव, गिरे पेड़

Rourkela News: राउरेकला में बुधवार को सुबह से शाम तक असहनीय धूप के बाद मौसम ने मिजाज बदला और शाम में झमाझम बारिश हुई.

By BIPIN KUMAR YADAV | May 14, 2026 12:15 AM

Rourkela News: स्मार्ट सिटी राउरकेला में बुधवार को सुबह से असहनीय धूप के बाद शाम को अचानक मौसम ने अपना मिजाज बदल दिया. तेज धूप के बाद शाम को आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ. मौसम विभाग के मुताबिक, शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, लेकिन शाम को अचानक आंधी-तूफान के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट आयी है. बारिश के कारण शहर की सड़कों पर पानी भर गया और कई इलाकों में पेड़ गिर गये. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक इसी तरह के मौसम की संभावना जतायी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.

शाम छह बजे के बाद बदला मौसम

शहर में बुधवार शाम को अचानक आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश हुई. तेज हवा के कारण कई पेड़ उखड़ गये, जिससे शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गयी. बारिश और आंधी के कारण शहर की सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गयी. कई इलाकों में पेड़ गिरने से राहगीरों को खतरा बना रहा. मौसम विभाग ने बताया कि आंधी-तूफान के कारण शहर में तेज रफ्तार से हवा चली.

स्टेशन रोड में भरा पानी

बारिश के कारण चौधरी पेट्रोल पंप के पास से राउरकेला रेलवे स्टेशन को जानेवाली सड़क पर पानी भर गया. जिससे होकर वाहनों को गुजरना पड़ा. पानी की निकासी नहीं होने के कारण यह स्थिति देखी गयी. राहगीरों को काफी परेशानी हुई.

50 साल पुराना इमली का पेड़ गिरा

लाठीकटा और फर्टिलाइजर क्षेत्र में दिनभर लोगों को गर्म हवा का अहसास हुआ, लेकिन शाम छह बजे इससे राहत मिली. काल बैसाखी के प्रभाव में तेज हवा, बिजली कड़कने के साथ ही बारिश हुई. हाती बंधा पंचायत अंतर्गत ऊपर बालजोड़ी में 50 साल पुराना ईमली का पेड़ गिर गया. बारिश का असर लाठीकटा, बिरकेरा, कलुंगा, वेदव्यास, फर्टिलाइजर इलाकों में ज्यादा महसूस किया गया.

पानपोष कॉलेज के पास साइन बोर्ड गिरा, थाना के पास पेड़ धराशायी

काल बैसाखी ने बुधवार शाम शहर में जमकर कहर बरपाया. तेज हवा के कारण पानपोष सरकारी स्वयं शासित कॉलेज के पास स्थित चौक में लगा लाइन बोर्ड धराशायी हो गया. दाहिने हिस्से का बोर्ड धराशायी होने के बाद वहां से आवागमन बाधित रहा. जिससे सभी वाहन एक ही तरफ से आना-जाना कर रहे थे. वहीं रघुनाथपाली थाना के पास एक पुराना पेड़ धराशायी हो गया. हालांकि इन दोनों ही हादसों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. खबर लिखे जाने तक बोर्ड और पेड़ को हटाने का प्रयास जारी है.