Rourkela News: आरएसपी के कन्वर्टर ‘क्यू’ ने वर्ष 2014 में स्थापित 2,125 हीट्स के पूर्व रिकॉर्ड को पार किया

Rourkela News: आरएसपी के स्टील मेल्टिंग शॉप-1 ने कन्वर्टर लाइनिंग लाइफ में नया कीर्तिमान बनाते हुए वर्ष 2014 के रिकॉर्ड को पार किया.

By BIPIN KUMAR YADAV | February 14, 2026 11:11 PM

Rourkela News: राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के स्टील मेल्टिंग शॉप-1 (एसएमएस-1) के कन्वर्टर ‘क्यू’ ने कन्वर्टर लाइनिंग के जीवनकाल में नया कीर्तिमान स्थापित किया. इसने अगस्त 2014 में स्थापित 2,125 हीट्स के पूर्व रिकॉर्ड को पार कर लिया. उल्लेखनीय है कि, कन्वर्टर अभी भी सुचारु रूप से चल रहा है. लाइनिंग के जीवन काल में यह उल्लेखनीय वृद्धि प्रक्रिया मानकों के कड़े नियंत्रण, अनुकूलित रिफ्रैक्टरी प्रबंधन पद्धतियों तथा कन्वर्टर संचालन के दौरान मानक परिचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के सतत पालन से संभव हो सकी है. यह उपलब्धि परिचालन उत्कृष्टता, पाली प्रभारी एवं परिचालन समूह के प्रभावी समन्वय, ब्लोअर्स एवं लांस ऑपरेटरों द्वारा सूक्ष्म प्रक्रिया नियंत्रण तथा एसएमएस-1 के सभी कर्मियों के समर्पित टीमवर्क का प्रतिफल है.

सभी प्रमुख विभागों के बीच समन्वय से मिली सफलता

प्रमुख योगदान देने वाले कारकों में नियंत्रित ब्लोइंग प्रक्रियाएं, बेहतर स्लैग प्रबंधन, प्रभावी एंड प्वाइंट नियंत्रण और रिफ्रैक्टरी लाइनिंग की समय पर गनिंग और पैचिंग शामिल हैं. एरिया प्रभारी और पाली प्रभारी द्वारा थर्मल लोड, बाथ एजिटेशन और स्लैग केमिस्ट्री की बारीकी से निगरानी, साथ ही हॉट मेटल और स्क्रैप की गुणवत्ता पर अनुशासित नियंत्रण ने स्थानीय घिसाव को कम करने और लाइनिंग कैंपेन की अवधि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. यह सफलता ऑपरेशंस, रिफ्रैक्टरी, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल अनुरक्षण, एलडीबीपी, ब्लास्ट फर्नेस और आरसीएल टीमों के बीच बेहतर समन्वय के कारण भी संभव हुई, जिससे पूरे अभियान के दौरान स्थिर और सुसंगत प्रदर्शन सुनिश्चित हुआ.

कन्वर्टर की उपलब्धता में हुआ सुधार, खपत कम हुई

कन्वर्टर क्यू की विस्तारित लाइनिंग लाइफ के परिणामस्वरूप कन्वर्टर की उपलब्धता में सुधार हुआ है, प्रति हीट रिफ्रैक्टरी की खपत कम हुई है, रिलाइनिंग डाउनटाइम कम हुआ है और एसएमएस-1 संचालन की उत्पादकता और लागत दक्षता में समग्र वृद्धि हुई है. उल्लेखनीय है कि, एसएमएस-1 भारतीय इस्पात उद्योग की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित कन्वर्टर शॉप्स में से एक है. 1959 में स्थापित एसएमएस-1 को एशिया की पहली और विश्व की दूसरी एलडी कन्वर्टर शॉप्स होने का विशिष्ट गौरव प्राप्त है. मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस–1) बी सुनील कार्था के मार्गदर्शन में विभाग न्यूनतम स्वचालन के बावजूद अनुशासित कार्यप्रणाली, सशक्त प्रक्रिया नियंत्रण और कुशल मानव संसाधन के बल पर उत्कृष्ट परिचालन क्षमता का निरंतर प्रदर्शन कर रहा है.