Jharsuguda News: सघन पल्स पोलियो अभियान 28 जून को, 517 बूथों पर 38076 बच्चों को पिलाई जायेगी ‘दो बूंद जिंदगी की’

Jharsuguda News: झारसुगुड़ा में सघन पल्स पोलियो अभियान 28 जून को आयोजित होगा. इसको लेकर तैयारी बैठक आयोजित हुई.

By BIPIN KUMAR YADAV | June 12, 2026 11:39 PM

Jharsuguda News: झारसुगुड़ा जिले में 28 जून को सघन पल्स पोलियो अभियान कार्यक्रम के सफल प्रबंधन के लिए जिलाधीश कार्यालय में एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गयी. शुक्रवार को जिलाधीश कुणाल मोतीराम चव्हाण की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पल्स पोलियो अभियान के माइक्रो प्लान, सहयोग और विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गयी.

कोई भी बच्चा न छूटे, इसका ध्यान रखें संबंधित विभाग

जिलाधीश ने स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि कोई भी बच्चा इस टीकाकरण से छूट न जाये, इसका ध्यान रखें. स्वास्थ्य विभाग के तैयार किये गये डेटा के मुताबिक, जिले में 0 से 5 साल के कुल 38,076 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने का लक्ष्य है. इसके लिए जिले भर में 517 पोलियो बूथ बनाये जा रहे हैं और 1090 वैक्सीनेशन वर्कर्स और 59 सुपरवाइजर्स को जिम्मेदारी सौंपी गयी है.

29 और 30 को घर-घर जाकर बच्चों को पिलायी जायेगी दवा

28 जून (रविवार) को बूथों के माध्यम से और 29 और 30 जून को वैक्सीनेशन टीम घर-घर जाकर बाकी बच्चों को पल्स पोलियो की दो-दो बूंदें पिलायेगी. इसके साथ ही बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों के लिए 12 ट्रांजिट टीमें और ईंट भट्टों, कंस्ट्रक्शन साइट्स और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले अस्थायी निवासी और माइग्रेंट बच्चों के लिए सात मोबाइल टीमें तैनात की गयी हैं. जिलाधीश चव्हाण ने इस राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम को पूरी तरह सफल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय पर जोर दिया है. महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी कर्मियों के माध्यम से सामाजिक जागरुकता फैलाने का निर्देश दिया गया है और स्कूल एवं जनशिक्षा विभाग को सरकारी और निजी प्ले स्कूलों में निरीक्षण और वैक्सीनेशन के लिए पोलियो टीमों के साथ पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया गया है.