Sambalpur News: 35 लाख रुपये मुआवजा, पत्नी को नौकरी और परिवार को आवास देने का मिला आश्वासन

गमगीन माहौल में कुटुनिया ग्राम में किया गया चंद्र मिंज का अंतिम संस्कार

By SUNIL KUMAR JSR | February 4, 2026 10:58 PM

Sambalpur News : राजगांगपुर स्थित डालमिया सीमेंट भारत लिमिटेड फैक्ट्री में काम करने वाले भीखापाड़ा निवासी चंद्र मिंज की मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे मालगाड़ी की चपेट में आने मौत हो गयी थी. इसके बाद मृतक के घरवालों, ग्राम वासी श्रमिक संगठनों के अधिकारियों तथा श्रमिकों ने कंपनी के सभी गेट बंद कर मुआवजे की मांग की. खबर पाकर भारी संख्या में पुलिस बल लगाया गया था. राजगांगपुर विधायक डॉ राजन एक्का, तहसीलदार जगबंधु मल्लिक, एसडीपीओ विभूति भूषण भोई सहित अनेक अधिकारी भी यहां पहुंचे थे. करीब चार घंटे तक चली बैठक के बाद मृतक के परिजन राजी हुए. प्राप्त सूचना के अनुसार विभिन्न स्रोतों से करीब 35 लाख की राशि, मृतक की पत्नी को 20 हजार रुपए की नौकरी, रहने के लिए निवास, पेंशन तथा बच्चे की 12वीं तक की पढ़ाई का खर्चा देने पर सहमति बनी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है जिसका बुधवार को गमगीन माहौल में कुटुनिया ग्राम में अंतिम संस्कार किया गया.