Bhubaneswar News: खदान माफिया गंजाम में पर्यावरण व प्राचीन धरोहरों को पहुंचा रहे नुकसान, हस्तक्षेप की मांग

Bhubaneswar News: गंजाम जिले में पर्यावरण की रक्षा के लिए पूर्व सरपंच व ग्रामीणों ने राजभवन के सामने धरना दिया और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा.

By BIPIN KUMAR YADAV | August 23, 2025 11:33 PM

Bhubaneswar News: गंजाम जिले के पोलसरा की ढुंकापड़ा पंचायत में विरले जीव-जंतु, पर्यावरण व प्राचीन धरोहरों को खदान माफिया द्वारा की जा रही ब्लास्टिंग से गंभीर नुकसान हो रहा है. इसलिए इस पर रोक लगायी जानी चाहिए, ताकि पर्यावरण, जीवजंतु व प्राचीन धरोहरों की सुरक्षा हो सके. इस मांग को लेकर ढुंकापडा पंचायत की पूर्व सरपंच आरती देवी ग्रामीणों के साथ राजभवन के सामने धरना दे रही हैं.

दहिमुंडिया पहाड़ समेत आस-पास हो रहा गैरकानूनी खनन

आरती देवी ने राज्यपाल को दिये ज्ञापन में कहा कि उनकी पंचायत में दहिमुंडिया पहाड़ समेत आस-पास के पहाडों में माफियाओं द्वारा गैरकानूनी रूप से खनन हो रहा है. सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से यह कार्य किया जा रहा है. खदान माफिया यहां कटिंग व ब्लास्टिंग कर करोड़ों रुपये के पत्थर लूट चुके हैं. इससे विरले जीवजंतु विलुप्त हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि यहां एक प्राचीन सप्तेश्वर मंदिर है. इसके आसपास खनन किये जाने के समय उन्होंने प्रशासन के समक्ष यह विषय उठाया था, लेकिन प्रशासन ने किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की. इस कारण जलाशय नष्ट हो चुके हैं तथा इस बार धान की खेती भी नहीं हो पायी है. प्रशासन द्वारा ग्रामसभा किये बगैर झूठी रिपोर्ट प्रदान की गयी है. इस कारण वह और ग्रामीण राजभवन आ कर गत 10 अगस्त से धरना दे रहे हैं.

ग्रामीणों को धमका रहे खदान माफिया : सरपंच

आरती देवी ने कहा कि माफिया द्वारा स्थानीय लोगों को धमकाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जब वह सरपंच थीं, तब उन्होंने डेढ़ लाख पेड़ लगाया था और उन्हें प्रकृति मित्र का सम्मान मिला था. उनके सामने ही पर्यावरण को तबाह किया जाना उन्हें सहन नहीं हो पा रहा है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस बात पर ध्यान नहीं देती है, तो वह सात दिन बाद आमरण अनशन करेंगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है