Rourkela News: वंचितों के उत्थान को किया गया प्रत्येक प्रयास अमूल्य : आलोक वर्मा

Rourkela News: सिविक सेंटर में दीपिका महिला संघति के 66वां वार्षिक दिवस समारोह का उद्घाटन आरएसपी के निदेशक प्रभारी ने किया.

By BIPIN KUMAR YADAV | February 9, 2026 11:26 PM

Rourkela News: इस्पात शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था दीपिका महिला संघति (डीएमएस) का 66वां वार्षिक दिवस सिविक सेंटर में हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया. इस अवसर पर सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के निदेशक प्रभारी आलोक वर्मा मुख्य अतिथि थे. कार्यक्रम का शुभारंभ गणमान्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ.

प्रगतिशील और न्यायसंगत समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर जोर दिया

अपने संबोधन में श्री वर्मा ने संघति के सदस्यों को समाज के उत्थान और सशक्तीकरण की इतनी लंबी और अविश्वसनीय यात्रा के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से वंचित महिलाओं और बच्चों तथा समुदाय के उत्थान के लिए आप जो भी प्रयास करते हैं, वे अमूल्य हैं और उनका दीर्घकालिक अमिट प्रभाव पड़ता है. श्री वर्मा ने प्रगतिशील और न्यायसंगत समाज के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया. दीपिका महिला संघति की अध्यक्ष नम्रता वर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए हाल के वर्षों में संघति द्वारा किये गये कार्यों एवं विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की झलक प्रस्तुत की. कार्यक्रम में अध्यक्ष (डीएमएस) नम्रता वर्मा, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) तरुण मिश्र, कार्यपालक निदेशक (खान विकास-सीएमएलओ) बीके गिरी, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) विश्वरंजन पलई, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) अनिल कुमार, कार्यपालक निदेशक (खान, ओजीओएम-सीएमएलओ) एमपी सिंह, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) सुदीप पालचौधरी, मुख्य महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) राजेश दासगुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ जेके आचार्य, डीएमएस की सभी उपाध्याक्षाएं प्रभाती मिश्र, स्मिता गिरि, डॉ प्रतिज्ञा पलई, रीता रानी एवं नवनीता पालचौधरी, सचिव (डीएमएस) सरिका कुमार सहित आरएसपी के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, दीपिका महिला संघति की सदस्य तथा उनके परिजन उपस्थित थे.

संघति के प्रयासों पर ऑडियो-विजुअल रिपोर्ट प्रस्तुत

सरिका कुमार ने विगत वर्ष में संघति द्वारा किए गए विविध प्रयासों पर आधारित एक ऑडियो-विजुअल रिपोर्ट प्रस्तुत की. इस अवसर पर प्रस्तुत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां और मधुर गीत शामिल थे. श्रीमती मेघना चटर्जी ने उद्घाटन सत्र का मंच संचालन किया, जबकि डीएमएस की सदस्य शाउलिना और रूपाली ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का मंच संचालन किया. डीएमएस की संयुक्त सचिव पूनम राणा राव ने धन्यवाद ज्ञापित किया.