Rourkela News: राउरकेला स्टेशन से 10 लाख रुपये का गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार

Rourkela News: राउरकेला रेलवे स्टेशन से गांजा के साथ उत्तर प्रदेश के शामली निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है.

By BIPIN KUMAR YADAV | February 9, 2026 11:28 PM

Rourkela News: चक्रधरपुर रेल मंडल की आरपीएफ फ्लाइंग स्क्वाड की सीकेपी टीम बी ने ऑपरेशन नारकोस में करीब 10 लाख रुपये के गांजा की खेप के साथ एक तस्कर को पकड़कर जीआरपी के सुपुर्द किया है. गिरफ्तार आराेपी उत्तर प्रदेश के शामली जिले का निवासी है. जिसे सोमवार को कोर्ट चालान करने के बाद जेल भेज दिया गया है. उसके पास से 19.820 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है. जब्त गांजे की कीमत लगभग नौ लाख 99 हजार रुपये बतायी गयी है.

फ्लेटफॉर्म नंबर-05 पर संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया

आरपीएफ के सीएससी चक्रधरपुर के आदेशानुसार रेलवे के माध्यम से प्रतिबंधित वस्तुओं की अवैध तस्करी रोकने के लिए सीकेपी टीम बी की ओर से लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. इसी कड़ी में रविवार-सोमवार की रात करीब 12:10 बजे फ्लाइंग स्क्वाड सीकेपी टीम बी के एसआइ रोशन कुमार आरपीएफ राउरकेला के स्टाफ के साथ छापेमारी कर रह रहे थे. इसी दौरान टीम ने राउरकेला रेलवे स्टेशन के झारसुगुड़ा छोर के पास प्लेटफॉर्म नंबर-05 पर एक व्यक्ति को प्लास्टिक बैग और एक पिठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में देखा गया. शक के आधार पर टीम ने उसे हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की. पूछने पर उसने अपना नाम फुरकान, उम्र लगभग 30 साल और पता बेदखेड़ी, थाना-झिंझाना जिला- शामली (उत्तर प्रदेश) बताया. उसके बैग और झोले में रखे सामान के बारे में और पूछने पर वह चुप रहा.

ब्रह्मपुर से गांजा लेकर जा रहा था दिल्ली

गहन पूछताछ के बाद उसने बताया कि उक्त बैग और झोले में गांजा है, जिसे उसने ब्रह्मपुर, (ओडिशा) से खरीदा है और सचिन देसी नाम के एक व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से दिल्ली ले जा रहा था. कार्यकारी मजिस्ट्रेट और अन्य गवाहों की उपस्थिति में उपरोक्त पकड़े गये व्यक्ति की तलाशी लेने पर दो मोबाइल फोन मिले. सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में युवक को मोबाइल और गांजा के साथ जीआरपी सौंप दिया गया.