Rourkela News: लुआकेरा में जुआ अड्डे पर छापा, 28 लाख नकद, एक किलो सोना-चांदी बरामद, सगे भाई गिरफ्तार

Rourkela News: सेक्टर-15 पुलिस ने लुआकेरा में छापेमारी कर लाखों रुपये समेत सोना-चांदी के आभूषण बरामद किया है.

By BIPIN KUMAR YADAV | June 9, 2026 12:46 AM

Rourkela News: सेक्टर-15 थाना अंतर्गत लुआकेरा में चल रहे एक बड़े जुए अड्डे पर छापेमारी कर पुलिस ने मौके से 28 लाख रुपये की नकदी के साथ-साथ 400 ग्राम सोना और छह सौ ग्राम चांदी बरामद की है. हाल के दिनों में हुई छापेमारियों में यह अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है.

छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम के उड़े होश

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को लुआकेरा में जुआ चलने की सूचना मिली थी. जिसके बाद योजना बनाकर इलाके की घेराबंदी की गयी. पुलिस ने जैसे ही छापा मारा उनके होश उड़ गये. क्योंकि अमूमन जुआ अड्डों में नकदी पर दांव लगता है, लेकिन यहां पर सोना-चांदी भी दांव पर लगे थे. वह भी अच्छी-खासी मात्रा में. सभी सामानों को बरामद करने के साथ ही मौके से दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. दोनों की पहचान बहान कंसारी और दिलीप कंसारी के रूप में हुई है. दोनों लुआकेरा के रहनेवाले हैं और सगे भाई बताये जा रहे हैं.

भारी पुलिस बल के साथ सुबह हुई छापेमारी

सेक्टर-15 थाना अंतर्गत इस इलाके में जुए की महफिल की सूचना मिलने के बाद पुलिसबल के साथ छापेमारी की गयी थी. यह पहली बार है कि कैश काउंटिंग मशीन की बरामदगी भी जुआ अड्डे से हुई है. यहां पर बड़े-बड़े दांव लगाये जा रहे थे. जिला पुलिस मुख्यालय में पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश चल रही है.

मीडिया से भी बदलसलूकी

घटनास्थल पर छापेमारी के दौरान कवरेज के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों से भी आरोपियों ने बदसलूकी की और परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे थे. जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को वाहन में बिठाया और लेकर चली गयी. पुलिस ने मौके से 28 लाख 39 हजार 400 सौ रुपये नकद, 405 ग्राम सोना, 600 ग्राम चांदी, एक स्विफट डिजायर, एक इनोवा और एक महिंद्रा एक्सयूवी, चार बाइक, चार मोबाइल फोन, 68 पाशा, चार बांस की टोकरी और एक कैश काउंटिंग मशीन बरामद की है.