ब्रह्मपुत्र मेल से बरामद अधेड़ के शव का हुआ पोस्टमार्टम
यूडी केस दर्ज
साहिबगंज.
मालदा रेल मंडल अंतर्गत साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की रात दिल्ली से गुवाहाटी जाने वाली डाउन ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन से बरामद अधेड़ व्यक्ति के शव का शुक्रवार को सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव को अपने साथ लेकर घर रवाना हो गए. रेल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मालदा क्षेत्र के चंचल थाना क्षेत्र के शेरपुर मखदुमपुर निवासी स्व. मोहम्मद दानिश के 58 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अमु के रूप में हुई. ब्रह्मपुत्र मेल के S6 बोगी के 67 नंबर बर्थ पर टीटीई द्वारा संदिग्ध हालत में पाये गये. बताया जा रहा है कि दिल्ली से मालदा स्थित अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी. ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने इसकी सूचना तत्काल रेलवे प्रशासन एवं स्टेशन प्रबंधन को दी. इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सक डॉक्टर केशव कृष्णा के द्वारा मृत घोषित कर दिया गया. इसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम हाउस लेकर गयी. इसके बाद डॉक्टर केशव कृष्णा द्वारा पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया.
अत्यधिक गर्मी से मौत की आशंका :
रेल पुलिस ने प्रारंभिक जांच में अत्यधिक गर्मी एवं सफर के दौरान तबीयत बिगड़ने के कारण मौत होने की आशंका जतायी है. हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में डॉ केशव कृष्णा द्वारा किया गया. इधर, मृतक के छोटे भाई कलुआ के फर्द बयान पर रेल थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजन शव को अपने साथ लेकर घर चले गए.
