आइआरएडी व इडीएआर प्रणाली से मिलेगा त्वरित मुआवजा

पुलिस पदाधिकारियों को सड़क दुर्घटना डाटा प्रबंधन का मिला प्रशिक्षण

By RAKESH KUMAR | May 21, 2026 9:21 PM

साहिबगंज. समाहरणालय स्थित एनआइसी कार्यालय में गुरुवार को आइआरएडी एवं इडीएआर प्रणाली से संबंधित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में त्वरित डाटा प्रबंधन, पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना था. प्रशिक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को विस्तृत इलेक्ट्रॉनिक दुर्घटना रिपोर्ट प्रणाली के माध्यम से सड़क दुर्घटना पीड़ितों को निर्धारित समय सीमा के भीतर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गयी. अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित सभी आंकड़ों की प्रविष्टि आइआरएडी/इडीएआर पोर्टल पर समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत रूप से सुनिश्चित की जाये, ताकि दुर्घटनाओं के विश्लेषण एवं त्वरित कार्रवाई में सुविधा हो सके. प्रशिक्षण सत्र में एल्कोहल ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की वैज्ञानिक प्रक्रिया की जानकारी भी दी गयी. साथ ही हिट एंड रन मामलों के प्रभावी प्रबंधन एवं गुड समेरिटन प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गयी. इस अवसर पर थाना प्रभारी विजय कुमार रमणी, आइआरएडी/इडीएआर मैनेजर मनोज कुमार, एनआइसी प्रतिनिधि सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.