मतदान की प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो, इसका ध्यान रखें पदाधिकारी : डॉ ताराचंद

नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 अंतर्गत नगर परिषद में होनेवाले निर्वाचन कार्य के लिए प्रतिनियुक्त जोनल दंडाधिकारियों, सेक्टर दंडाधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रशिक्षण दिया गया.

By VIKASH NATH | February 20, 2026 11:13 PM

लोहरदगा. नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 अंतर्गत नगर परिषद में होनेवाले निर्वाचन कार्य के लिए प्रतिनियुक्त जोनल दंडाधिकारियों, सेक्टर दंडाधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण सत्र में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त डॉ ताराचंद ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक निर्वाचन की तरह यह नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 भी उतना ही महत्वपूर्ण है. किसी भी तरह की लापरवाही की जगह नहीं है. मतदान 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होना है. इस दौरान सभी प्रतिनियुक्त जोनल दण्डाधिकारी, सेक्टर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मुस्तैद और चौकन्ने रहेंगे. मतदान सभी मतदान केंद्रों में निर्धारित समय में निर्बाध रूप से होना चाहिए. किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर आप पर कार्रवाई हो सकती है. मतदान दिवस (23 फरवरी) के दिन सभी पदाधिकारियों को आपस में बेहतर तालमेल रखने का निर्देश दिया गया ताकि मतदान सुरक्षित और त्रुटिरहित संपन्न कराया जा सके. मतदान केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं रहे

उपायुक्त ने कहा कि लोहरदगा नगर परिषद में कुल 46 मतदान केंद्र निर्धारित हैं. सभी मतदान केंद्रों में न्यूनतम मूलभूत सुविधाएं बहाल रहे. संबंधित दंडाधिकारी इस संबंध में जांच कर रिपोर्ट दें. सुरक्षा संबंधित सभी चीजें जांच ली जायें. मतदान के दिन मतदान केंद्र के आसपास बेहतर विधि-व्यवस्था का पालन कराया जाये. कोई भी व्यक्ति मतदान को प्रभावित ना कर पाए, इस पर कड़ी निगरानी रखें. मतदान दल को किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े. मतदान केंद्र में शौचालय, पीने का पानी, बेहतर रोशनी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया.

साफ-सफाई के लिए चलायें विशेष अभियान

उपायुक्त द्वारा प्रशासक नगर परिषद को सभी मतदान केंद्रों में साफ-सफाई करने के लिए 22 फरवरी के पूर्व विशेष साफ-सफाई अभियान संचालित करने का निर्देश दिया. साथ ही कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल को नगर क्षेत्र में 22 एवं 23 फरवरी 2026 को निर्बाध रूप से विद्युत बहाल करने का निर्देश दिया. प्रशिक्षण में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, जोनल दंडाधिकारी, सभी सेक्टर दंडाधिकारी व सभी सेक्टर पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.