विमरला माइंस में गतिरोध खत्म, ट्रक ओनर एसोसिएशन की पहल पर बनी सहमति

विमरला माइंस में गतिरोध खत्म, ट्रक ओनर एसोसिएशन की पहल पर बनी सहमति

By SHAILESH AMBASHTHA | May 2, 2026 8:41 PM

लोहरदगा़ पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ी विमरला माइंस में आखिरकार लोडिंग का काम दोबारा शुरू हो गया है. लोहरदगा-गुमला ट्रक ओनर एसोसिएशन के हस्तक्षेप के बाद कंपनी प्रबंधन, लोडर और चालकों के बीच मांगों को लेकर जारी विवाद सुलझ गया है. शनिवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने माइंस पहुंचकर त्रिपक्षीय बैठक की, जिसमें सौहार्दपूर्ण वातावरण में सभी बिंदुओं पर सहमति बनी. सभी गाड़ियों को मिलेगा समान लोडिंग का मौका : बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया कि अब सुबह 6:00 बजे से टोकन वितरण शुरू होगा. किसी भी गाड़ी को वीआइपी मानकर प्राथमिकता नहीं दी जायेगी. सभी ट्रकों को सामान्य रूप से टोकन, लोडिंग और ट्रिप आवंटित किया जायेगा. इसके अलावा, आगामी दो से तीन दिनों में ब्रेकर मशीन चालू करने और डंपिंग स्थल पर पेयजल की व्यवस्था करने पर भी प्रबंधन ने अपनी मुहर लगा दी है. एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प : एसोसिएशन के सचिव रहमान अंसारी ने कहा कि आपसी तालमेल से ही माइंस का संचालन संभव है. मौके पर मीडिया प्रभारी राजेश शर्मा, उपाध्यक्ष शशिकांत दास, अजमल कुरैशी, माइंस मैनेजर किरण शंकर सिंह, रवि कुमार के अलावा लोडर प्रतिनिधि बाबूलाल उरांव, सुकुल उरांव, चालक तस्लीम, शमशाद, अजय सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे. सभी पक्षों ने भविष्य में भी एकजुटता के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया है.