सेन्हा में बनेगी प्रसंस्करण इकाई, लगेंगे सोलर कोल्ड स्टोरेज

सेन्हा में बनेगी प्रसंस्करण इकाई, लगेंगे सोलर कोल्ड स्टोरेज

By SHAILESH AMBASHTHA | June 15, 2026 10:21 PM

लोहरदगा़ उपायुक्त संदीप कुमार मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में सिदो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड की बैठक हुई. इसमें कृषि व वनोपज व्यवसाय को सुदृढ़ करने तथा संग्रहकर्ताओं को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये. उपायुक्त ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. बैठक में उत्पादों के भंडारण एवं परिष्करण (प्रसंस्करण) इकाई की स्थापना के लिए सेन्हा के बरही के समीप पांच एकड़ भूमि चिह्नित करने को लेकर सीओ को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा, उत्पादों के संरक्षण के लिए सोलर कोल्ड स्टोरेज की स्थापना और जिला सहकारी संघ कार्यालय के संचालन को लेकर कार्यबल की नियुक्ति का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने का निर्देश दिया गया. सहकारिता के माध्यम से ग्रामीणों की आय बढ़ाने पर जोर देते हुए प्रत्येक प्रखंड में एक एमपीसीएस को एफपीओ के रूप में चिह्नित करने और जिले में उपलब्ध वनोपजों का सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया गया, ताकि उत्पादों का बेहतर मूल्य मिल सके. बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, पीडी आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला सहकारिता पदाधिकारी विजय प्रताप तिर्की, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास और उद्योग महाप्रबंधक रघुबर सिंह मौजूद थे.