दबाव और प्रभाव में आये बिना कार्य करें मतदान दल : डॉ ताराचंद

दबाव और प्रभाव में आये बिना कार्य करें मतदान दल : डॉ ताराचंद

By SHAILESH AMBASHTHA | February 22, 2026 8:49 PM

लोहरदगा़ नगरपालिका निर्वाचन 2026 के तहत लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र में 23 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. रविवार को समाहरणालय परिसर से सभी 46 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं. निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरती है. राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करें : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त डॉ ताराचंद ने मतदान दलों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कर्मी राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में कोई भी पदाधिकारी किसी भी प्रकार के दबाव में न आयें और न ही प्रभावित हों. आपसी समन्वय बनाकर त्रुटिरहित मतदान संपन्न कराना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए. सेक्टर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण : पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि मतदान केंद्र पहुंचने से लेकर मतदान प्रक्रिया और अंत में सील की गयी मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में जमा करने तक सेक्टर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. मतदान से जुड़ी मुख्य जानकारी : कुल मतदान केंद्र : 46 कुल मतदाता : 43,070 पुरुष : 21,027 महिला 22,043 मतदान प्रक्रिया: बैलेट पेपर के माध्यम से. समय : सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक. विशेष : इस चुनाव में नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं होगा. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, सामान्य प्रेक्षक मो मुस्तकीम, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा सहित सभी जोनल व सेक्टर दंडाधिकारी और निर्वाचन कार्य से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे. जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.