समर्पित कार्यकर्ताओं को ही मिलेगा चुनावी मौका : सुखैर भगत

समर्पित कार्यकर्ताओं को ही मिलेगा चुनावी मौका : सुखैर भगत

By SHAILESH AMBASHTHA | January 28, 2026 10:12 PM

लोहरदगा़ नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच जिला कांग्रेस कमेटी की एक अहम बैठक बुधवार को जिला कार्यालय में हुई. जिलाध्यक्ष सुखैर भगत की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्य रूप से उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गयी. जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी उसी कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनायेगी, जो सच्चा और समर्पित हो तथा निस्वार्थ भाव से संगठन के लिए खड़ा रहा हो. स्क्रीनिंग कमेटी करेगी नामों की अनुशंसा : बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्याशियों के चयन के लिए जल्द ही एक स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया जायेगा. यह कमेटी पॉलिटिकल अफेयर कमेटी के साथ मिलकर नामों की संयुक्त अनुशंसा पार्टी हाइकमान को भेजेगी. टिकट पर अंतिम फैसला हाइकमान द्वारा ही लिया जायेगा. जिलाध्यक्ष ने कहा कि टिकट जिसे भी मिले, पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व राज्यसभा सांसद और जिला कमेटी के सभी पदाधिकारी एकजुट होकर उसे जिताने का काम करेंगे. नगर निकाय चुनाव को सफल बनाने को लेकर सभी प्रखंड अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों एवं पंचायत अध्यक्षों को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी जायेगी. बूथ स्तर पर कार्यकर्ता होंगे सक्रिय : प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद ने चुनावी सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि संगठन की एकता ही सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया. बैठक में बताया गया कि चुनाव लड़ने के इच्छुक कई उम्मीदवारों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिन पर नियमानुसार प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ चुनावी अभियान में जुटने का आह्वान किया. बैठक में ये थे उपस्थित : मौके पर पूर्व जिला महासचिव शाजिद अहमद बेलू, जिला अंजुमन सदर रऊफ अंसारी, जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार गुप्ता, सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, नगर अध्यक्ष आरिफ हुसैन, प्रखंड अध्यक्ष सत्यदेव भगत, जुगल भगत, यूनुस अंसारी, युवा जिलाध्यक्ष दानिश अली, विशाल डुंगडूंग, कुणाल अभिषेक, ऐनुल अंसारी, महताब आलम, हामीद अंसारी, रुस्तम अंसारी, आसिफ इमाम, रोशन बैक, तारिक अनवर, मीनू खान, संजय नायक, रेहान अख्तर, ताहेरा तबस्सुम, आरती कुमारी, मुन्नी मिंज समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.