सहयोग करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची में कोई त्रुटि न रहे
सहयोग करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची में कोई त्रुटि न रहे
लोहरदगा. उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने ईवीएम-वेयरहाउस भवन में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रगति पर चर्चा की. उन्होंने बताया कि वर्तमान में मतदाताओं का मैपिंग कार्य 2003 की मतदाता सूची के आधार पर किया जा रहा है. बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम को उनके माता-पिता, दादा-दादी या नाना-नानी के नाम से मिलान कर रहे हैं. इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की गयी, ताकि अंतिम मतदाता सूची में कोई त्रुटि न रहे. बीएलओ उन मतदाताओं की अलग सूची भी तैयार कर रहे हैं जिनकी मैपिंग किसी कारणवश संभव नहीं हो पा रही है. ऐसे मामलों में राजनीतिक दलों को मतदाताओं को जागरूक करने और सत्यापन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गयी है. उपायुक्त ने कहा कि बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सूची समय पर उपलब्ध कराना आवश्यक है क्योंकि उनका योगदान मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में निर्णायक होता है.
महत्वपूर्ण तिथियों पर भी जानकारी दी गयी
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी के प्रभार में परियोजना निदेशक आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचन कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे.
