दीदी कैफे में बिलिंग प्रणाली शुरू करने का निर्देश

दीदी कैफे में बिलिंग प्रणाली शुरू करने का निर्देश

By SHAILESH AMBASHTHA | June 11, 2026 8:48 PM

लोहरदगा. उपायुक्त संदीप कुमार मीणा ने कुड़ू स्थित दीदी कैफे का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैफे में आने वाले ग्राहकों की संख्या, किचन की स्थिति, साफ-सफाई, बर्तनों की उपलब्धता और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया. शौचालय की जांच करते हुए उन्होंने नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा. इस दौरान इन्वर्टर और बोरिंग से संबंधित समस्याओं की जानकारी मिलने पर उपायुक्त ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया. कैफे संचालिकाओं ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन लगभग चार हजार से सात हजार रुपये तक की बिक्री हो रही है. उपायुक्त ने दीदियों को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित करते हुए कैफे का संचालन व्यवस्थित ढंग से करने को कहा. उन्होंने जरूरत के अनुसार स्टाफ रखने और बिक्री के पारदर्शी लेखा-जोखा के लिए बिलिंग प्रणाली विकसित करने का निर्देश दिया ताकि वित्तीय हानि न हो. मौके पर डीपीएम जेएसएलपीएस सहित कैफे की दीदियां मौजूद थीं. मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होना लोकतंत्र की हत्या : सुखदेव भगत

लोहरदगा. कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन पत्र खारिज किये जाने पर सांसद सुखदेव भगत ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताते हुए चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाये हैं. सुखदेव भगत ने कहा कि यह घटना केवल लोकतंत्र का गला घोंटना नहीं, बल्कि उसकी निर्मम हत्या है. सांसद ने आरोप लगाया कि झारखंड में अन्य प्रत्याशियों को त्रुटियों पर स्पष्टीकरण देने का पूरा अवसर मिला, लेकिन मीनाक्षी नटराजन के मामले में ऐसा नहीं किया गया. बिना किसी प्राथमिकी या आपराधिक मामले के उनका नामांकन निरस्त करना प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है. फैसले को राजनीतिक दबाव का परिणाम बताते हुए कांग्रेस ने चुनाव आयोग से इसकी समीक्षा की मांग की है और अदालत जाने की बात कही है. इस प्रकरण को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है और जगह-जगह विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं.