सीएम आंदोलनकारियों से वार्ता कर लंबित मामलों का निष्पादन करें : अनिल कुमार भगत

सीएम आंदोलनकारियों से वार्ता कर लंबित मामलों का निष्पादन करें : अनिल कुमार भगत

By SHAILESH AMBASHTHA | February 18, 2026 8:01 PM

लोहरदगा़ झारखंड आंदोलनकारी महासभा जिला समिति की बैठक बुधवार को जिलाध्यक्ष अनिल कुमार भगत की अध्यक्षता में हुई. इसमें आंदोलनकारियों के मान-सम्मान, पेंशन और नियोजन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी. जिलाध्यक्ष अनिल कुमार भगत ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे आंदोलनकारियों के साथ अविलंब वार्ता कर लंबित मामलों का निष्पादन करें. उन्होंने मांग की कि आंदोलनकारियों के लिए बनी नियमावली में संशोधन कर जेल जाने की बाध्यता समाप्त की जाये और सभी को पहचान पत्र निर्गत किया जाये. उन्होंने सरकार से दिशोम गुरु शिबू सोरेन मॉडल को लागू करने की अपील की. आंदोलनकारियों को बरगलाने वाले तत्वों से रहें सावधान : जिला कार्यकारी अध्यक्ष अमर किन्डो ने कहा कि कुछ स्वार्थी तत्व आंदोलनकारियों को बरगला कर आर्थिक दोहन का प्रयास कर रहे हैं, जिनसे सावधान रहने की जरूरत है. उन्होंने अलग राज्य के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया. जिला सचिव विशेषण भगत ने कहा कि वर्तमान सरकार आंदोलन की ही उपज है और मुख्यमंत्री स्वयं एक आंदोलनकारी के पुत्र हैं. ऐसे में उन्हें बिना किसी दबाव के जेल की बाध्यता खत्म कर समान रूप से मान-सम्मान, पेंशन और नियोजन की दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए. बैठक में मौजूद लोग : बैठक का संचालन अमर किन्डो और धन्यवाद ज्ञापन हरिश्चंद्र उरांव ने किया. मौके पर कृष्णा कुमार ठाकुर, सूरज मोहन लकड़ा, चैतू मुंडा, गंगा उरांव, रवि उरांव, ललिता भगत, विफई पाहन, जगदीश उरांव सहित काफी संख्या में जिले भर से आये आंदोलनकारी उपस्थित थे.