महिला व पर्दानशीं बूथों के लिए मतदान कर्मियों को मिला प्रशिक्षण

महिला व पर्दानशीं बूथों के लिए मतदान कर्मियों को मिला प्रशिक्षण

By SHAILESH AMBASHTHA | February 11, 2026 10:03 PM

लातेहार ़ नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के परिप्रेक्ष्य में 6 लातेहार नगर पंचायत अंतर्गत 23 फरवरी को निर्धारित मतदान के सफल एवं शांतिपूर्ण संपादन को लेकर महिला बूथ एवं पर्दानशीं बूथ पर प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण कार्यक्रम डीआरडीबी सभागार में सामान्य प्रेक्षक योगेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण के दौरान प्रभारी पदाधिकारी, प्रशिक्षण कोषांग, अनिल मिंज ने पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम मतदान पदाधिकारी, द्वितीय मतदान पदाधिकारी एवं तृतीय मतदान पदाधिकारी को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी. प्रशिक्षण के दौरान इवीएम एवं वीवीपैट के संचालन, मॉक पोल की प्रक्रिया, मतदान प्रारंभ एवं समाप्ति की औपचारिकताएं, मतदाताओं की पहचान, महिला एवं पर्दानशीं मतदाताओं के लिए विशेष प्रावधान, प्रपत्रों के संधारण तथा मतदान पश्चात सीलिंग एवं जमा प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया गया. सामान्य प्रेक्षक द्वारा सभी मतदान कर्मियों को निर्वाचन कार्य को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी प्रशिक्षण में दिये गये निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने को लेकर निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें. मौके पर डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन समेत संबंधित कोषांगों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.