समाहरणालय में आम बिक्री केंद्र शुरू

समाहरणालय में आम बिक्री केंद्र शुरू

By SHAILESH AMBASHTHA | June 11, 2026 9:20 PM

लातेहार ़ समाहरणालय परिसर में गुरुवार को फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीसी) द्वारा स्थापित बिक्री केंद्र (कैनोपी) के माध्यम से आम की बिक्री का शुभारंभ किया गया. उपायुक्त संदीप कुमार ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया और किसानों द्वारा उत्पादित आम की बिक्री प्रक्रिया का अवलोकन किया. उपायुक्त ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अधिक से अधिक गरीब किसानों को इससे जोड़ने की आवश्यकता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने तथा आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विपणन मंचों का विस्तार किया जाना चाहिए. कैनोपी के माध्यम से किसानों के उत्पादों की सीधी बिक्री कर उन्हें आजीविका संवर्धन से जोड़ा जा रहा है. डीसी ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को सीधे बाजार उपलब्ध कराना, बिचौलियों की भूमिका को समाप्त करना और उत्पादकों को बेहतर मूल्य दिलाना है. उन्होंने किसानों को संगठित होकर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के माध्यम से अपने उत्पादों के विपणन के लिए प्रेरित किया. मौके पर उपस्थित जेएसएलपीएस के अधिकारियों ने बताया कि एफपीसी के माध्यम से किसानों को बाजार से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है. इस मौके पर कई अधिकारी मौजूद थे.