आम उत्पादकों को सही दाम दिलाने के लिए ठोस रणनीति बनायें

आम उत्पादकों को सही दाम दिलाने के लिए ठोस रणनीति बनायें

By SHAILESH AMBASHTHA | June 2, 2026 10:02 PM

लातेहार. मनरेगा के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े आम उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. इसी कड़ी में जिला ग्रामीण विकास शाखा में क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया. इसका उद्देश्य लाभुकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है. उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सभी प्रखंडों के मनरेगा बीपीओ, जेएसएलपीएस के बीपीएम और एफपीओ के प्रतिनिधि शामिल हुए. डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम उत्पादकों को सही दाम दिलाने के लिए ठोस रणनीति बनायें. उन्होंने मनरेगा और जेएसएलपीएस कर्मियों को आपसी समन्वय से काम करने तथा एफपीओ के माध्यम से मार्केट लिंकेज मजबूत करने पर जोर दिया. मौके पर निदेशक डीआरडीए सलमान जफर खिजरी समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे. समाचार प्रकाशित होने के बाद बस स्टैंड की हुई सफाई

महुआडांड़. जिला परिषद बस स्टैंड में लंबे समय से जमा गंदगी और कचरे के अंबार को लेकर प्रकाशित समाचार का असर देखने को मिला. मंगलवार को प्रखंड जिला परिषद बस स्टैंड में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया. बस स्टैंड परिसर में फैली गंदगी और कचरे की समस्या को लेकर प्रभात खबर में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गयी थी. खबर प्रकाशित होने के बाद प्रखंड प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित पहल की. थाना प्रभारी मनोज कुमार तथा जिला परिषद सदस्य इस्तेला नगेसिया के प्रयासों से बस स्टैंड परिसर में जमा कचरे की सफाई का कार्य शुरू कराया गया. सफाई अभियान के लिए जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर एवं मजदूरों को लगाया गया है, जो लगातार कचरा हटाने और परिसर को स्वच्छ बनाने में जुटे हैं. इस अभियान में बस स्टैंड के दुकानदारों, वाहन संचालकों तथा स्थानीय लोगों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है. सफाई कार्य शुरू होने से यात्रियों, दुकानदारों और आम लोगों में खुशी है.