पर्व में कानून व्यवस्था बनाये रखना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए : उपायुक्त

पर्व में कानून व्यवस्था बनाये रखना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए : उपायुक्त

By SHAILESH AMBASHTHA | September 27, 2025 10:47 PM

लातेहार ़ दुर्गा पूजा को लेकर जिले में शांति व्यवस्था बनाये रखने तथा पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता और पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने टाउन हॉल में संयुक्त ब्रीफिंग की. मौके पर जिले के सभी प्रखंडों तथा थाना स्तर के पदाधिकारियों को पूजा के दौरान शांति व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. उपायुक्त ने कहा कि दुर्गा पूजा का पर्व सभी के लिए आस्था और उल्लास का प्रतीक है, लेकिन इस दौरान कानून व्यवस्था बनाये रखना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए. किसी भी प्रकार के अफवाहों पर ध्यान नहीं देते हुए अथवा किसी भी समस्या या विवाद की सूचना तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष या उच्च पदाधिकारियों को देने की अपील की, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके. पूजा पंडालों में स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन की व्यवस्था, मेडिकल सहायता और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक पहल करने, पूजा पंडालों में प्राथमिक उपचार और आपात निकासी मार्ग अनिवार्य रूप से रखने का निर्देश दिया गया. पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे से निरंतर निगरानी रखने की बात कही गयी. अतिसंवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की जायेगी : एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष बल देते हुए कहा कि जिले के सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की जायेगी. चौक-चौराहों पर गश्ती दल की संख्या बढ़ाई जायेगी तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी रखी जायेगी. यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया गया है. सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अराजकता या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. आपात स्थिति में इन नंबरों पर सूचना दें : 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम नंबर 06565–247981 पर अथवा कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 08987796308, साइबर सेल के वॉट्सएप नंबर 6206159795, मोबाइल नंबर 9229341575 पर अथवा 112 पर कॉल कर किसी भी प्रकार की सहायता के लिए या आपात स्थिति में सूचना दे सकते हैं. इस मौके पर सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है