आपसी समन्वय से काम करने व विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

आपसी समन्वय से काम करने व विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

By SHAILESH AMBASHTHA | February 11, 2026 10:00 PM

चंदवा़ प्रखंड समन्वय समिति की बैठक बुधवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में बीडीओ चंदन प्रसाद की अध्यक्षता में हुई. बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान नियमित टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया. गर्मी को देखते हुए पेयजल विभाग को खराब चापानल और जलमीनार दुरुस्त कर जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश मिला. पशुपालन विभाग को पशु टीकाकरण तेज करने और योजनाओं का लाभ पशुपालकों तक पहुंचाने को कहा गया. लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करें : पेंशन योजनाओं के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, कृषि विभाग को किसानों के बीच योजनाओं का प्रचार-प्रसार व तकनीकी मार्गदर्शन देने का निर्देश दिया गया. शिक्षा विभाग को शैक्षणिक गतिविधियों, मध्याह्न भोजन और बच्चों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. आपूर्ति विभाग को राशन वितरण में पारदर्शिता और जनशिकायतों के त्वरित समाधान का निर्देश मिला. जेएसएलपीएस के तहत महिला समूहों को मजबूत करने तथा 15वें वित्त आयोग की योजनाओं में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई. बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.