थाना परिसर में प्रभारी के निजी रसोइया ने की आत्महत्या, जांच जारी

थाना परिसर में प्रभारी के निजी रसोइया ने की आत्महत्या, जांच जारी

By SHAILESH AMBASHTHA | January 27, 2026 10:38 PM

चंदवा़ स्थानीय थाना परिसर में मंगलवार की सुबह एक व्यक्ति ने पेड़ के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उसकी पहचान विरेंद्र दास पिता कालीपद दास (उम्र करीब 45 वर्ष) (खरसांवा) के रूप में की गयी. जानकारी के अनुसार विरेंद्र पुलिस निरीक्षक रणधीर कुमार का निजी रसोइया था. घटना की जानकारी पुलिस जवानों को तब मिली जब लोगों ने थाना परिसर स्थित आम के पेड़ में उसका शव लटका पाया. इसके बाद जवानों ने तत्काल मामले की सूचना अधिकारी को दी. उसे नीचे उतारा. तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गयी. एसडीपीओ अरविंद कुमार चंदवा थाना पहुंचे. मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेजवाया. बताया जाता है कि मृतक विरेंद्र दास लंबे समय से निजी रसोइया के रूप में कार्य कर रहा था. खबर लिखे जाने तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका था. मामले को लेकर पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर अग्रतर कार्रवाई में जुटी है. पूरे मामले की जांच की जा रही है : एसपी : घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि घटना की सूचना के बाद तत्काल दंडाधिकारी नियुक्त किये गये. दंडाधिकारी की उपस्थिति में शव को उतारा गया. शव की तलाशी के दौरान एक नोट (पत्र) बरामद किया गया है. उसके आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है.