सरईडीह-पोखरी में दशमी के बजाय रामनवमी के दिन ही जुलूस निकालने का होगा प्रयास : विधायक

सरईडीह-पोखरी में दशमी के बजाय रामनवमी के दिन ही जुलूस निकालने का होगा प्रयास : विधायक

By SHAILESH AMBASHTHA | March 29, 2026 8:51 PM

बेतला़ विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि बरवाडीह थाना क्षेत्र के बेतला-पोखरी में रामनवमी जुलूस दशमी तिथि के बजाय नवमी तिथि को ही निकाला जायेगा. इसके लिए जो भी अड़चन है उसे दूर करने का प्रयास किया जायेगा. पूरे राज्य में जहां नवमी को जुलूस निकलता है वहां इस इलाके में दशमी को जुलूस निकाला जाना निश्चित रूप से अपने आप में एक प्रश्न है. यदि इसका समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाली पीढ़ी इसका जवाब मांगेगी. बेतला के सरईडीह में शनिवार को रामनवमी जुलूस के मौके पर आयोजित समारोह में विधायक ने उक्त बातें कहीं. उन्होंने कहा कि पहले क्या हुआ था उसे भुलाया जाना चाहिए और अब इसपर नये सिरे से विचार किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि रामनवमी के दिन जुलूस निकालने को लेकर दोनों समुदायों के लोगों के साथ प्रशासनिक बैठक के बाद इसे तय किया जायेगा. उल्लेखनीय है कि पिछले 40 वर्षों से इस इलाके में दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद रामनवमी के दिन इस इलाके में जुलूस निकालने पर तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारियों ने रोक लगा दी थी. इसके बाद यहां दशमी को जुलूस निकाला जाता है. नवमी के दिन जुलूस निकालने को लेकर समाधान ढूंढने का विधायक द्वारा दियक गये इस बयान से सनातनियों में हर्ष का माहौल है. विधायक के इस बयान का हिंदू महासभा के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, उमेश प्रसाद, जोखन प्रसाद, रणविजय सिंह, रामनाथ साहू, नवल प्रसाद, उजाला प्रसाद, विशाल कुमार, अरुण सिंह, संजीव प्रसाद, जय प्रकाश रजक सहित कई लोगों ने स्वागत किया है.