टोरी-चंदवा फ्लाइओवर निर्माण में देरी पर माकपा का प्रदर्शन

टोरी-चंदवा फ्लाइओवर निर्माण में देरी पर माकपा का प्रदर्शन

By SHAILESH AMBASHTHA | June 15, 2026 10:43 PM

लातेहार ़ टोरी-चंदवा फ्लाईओवर के निर्माण में हो रही लगातार देरी के विरोध में सोमवार को किसानों और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के बाद किसानों के हस्ताक्षर युक्त एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा गया. विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए माकपा के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कहा कि फ्लाइओवर की मांग को लेकर पिछले पांच वर्षों से लगातार आंदोलन किया जा रहा है. वर्ष 2021 में परियोजना का ऑनलाइन शिलान्यास होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. सरकारों की उदासीनता के कारण टोरी क्षेत्र में प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम से आम जनता त्रस्त है. जाम से निजात नहीं तो किसानों को मिले इच्छा मृत्यु : अयूब खान : माकपा के राज्य कमेटी सदस्य अयूब खान ने कहा कि फ्लाइओवर परियोजना की प्रारंभिक लागत लगभग 43 करोड़ रुपये थी, जो अब संशोधित प्राक्कलन में बढ़कर 119.71 करोड़ रुपये हो गयी है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार जाम से निजात नहीं दे सकती, तो किसानों को इच्छा मृत्यु दे दे. उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द काम शुरू नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जायेगा. जिला सचिव रसीद मियां की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में बैजनाथ ठाकुर, सुरेंद्र सिंह, मानती देवी, विनोद उरांव, महेंद्र गंझू, राजू साव, परवेज खान सहित काफी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित थे.