भू-अर्जन पदाधिकारी ने दो आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण

कहा : पोषण व शिक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं

By SANJEET KUMAR | January 17, 2026 11:41 PM

महागामा. प्रखंड की दिग्घी पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या चार व पांच का जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रितेश जायसवाल व बीडीओ सोनाराम हांसदा ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, पोषाहार की गुणवत्ता, साफ-सफाई, रसोई व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियों की बारीकी से समीक्षा की. अधिकारियों ने बच्चों से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछकर उनके बौद्धिक स्तर का आकलन किया. पोषाहार की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीरता से जांच की गयी. अधिकारियों ने आंगनबाड़ी सेविकाओं व सहायिकाओं को निर्देश दिया कि बच्चों के पोषण और शिक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसका सीधा संबंध बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास से जुड़ा है. पदाधिकारियों ने कहा कि यह निरीक्षण महज औपचारिकता नहीं, बल्कि निरंतर निगरानी अभियान का हिस्सा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है