फोरलेन सड़क पर मिट्टी गिराने से राहगीरों को हो रही परेशानी, ग्रामीणों में रोष

सड़क पर डाली गयी पोखर की खुदाई से निकाली गयी मिट्टी, दुर्गंध और धूल से लोगों का जीना मुश्किल

By SANJEET KUMAR | May 24, 2026 11:44 PM

पथरगामा के कलाली मोड़ के आगे पेट्रोल पंप रोड से नयी फोरलेन सड़क पर मिट्टी गिराये जाने से राहगीरों एवं स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर मिट्टी फैल जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश गहराता जा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, पथरगामा स्थित बड़की पोखर की खुदाई के दौरान निकाली गई मिट्टी ट्रैक्टरों के माध्यम से सड़क पर गिरायी जा रही है. इससे पहले से बनी साफ-सुथरी पक्की सड़क पर गंदगी का अंबार लग गया है और पूरी फोरलेन सड़क पर मिट्टी की मोटी परत जम गयी है. स्थानीय लोगों ने बताया कि पोखर से निकाली गयी मिट्टी से तेज दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास के ग्रामीणों का रहना मुश्किल हो गया है. राहगीरों को मजबूरी में नाक ढककर सड़क पार करनी पड़ रही है.

दुर्घटना का खतरा बढ़ा, बाइक सवार हो रहे प्रभावित

सड़क पर मिट्टी फैल जाने के कारण दुर्घटना की आशंका भी काफी बढ़ गयी है. विशेषकर बाइक चालकों को फिसलन के कारण अत्यधिक सावधानी से वाहन चलाना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि अब तक कई बाइक सवार फिसलकर दुर्घटना का शिकार भी हो चुके हैं. रात के समय स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है. ग्रामीणों का कहना है कि नियमों के अनुसार पोखर खुदाई से निकाली गयी मिट्टी को पोखर परिसर में ही रखा जाना चाहिए, लेकिन ठेकेदार द्वारा इसका परिवहन कर सड़क पर डंप किया जा रहा है. ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर उनकी बातों को अनसुना किया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने पुलिस एवं प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर सड़क पर मिट्टी गिराने पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि राहगीरों एवं ग्रामीणों को सुरक्षित एवं स्वच्छ सड़क का लाभ मिल सके.