सिमरातरी-गरवन्ना मुख्य सड़क बदहाल, ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग
दस वर्ष पूर्व बनी सड़क जर्जर, गड्ढों और उखड़े अलकतरे से आवागमन हुआ मुश्किल
By SANJEET KUMAR |
June 11, 2026 10:41 PM
गोड्डा सदर प्रखंड के सिमरातरी गांव से गरवन्ना गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाली का शिकार बनी हुई है. सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे इस मार्ग से आवागमन करने वाले ग्रामीणों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क का निर्माण लगभग दस वर्ष पूर्व किया गया था. निर्माण के बाद से अब तक इसकी मरम्मत या रखरखाव की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गयी. परिणामस्वरूप सड़क का अलकतरा पूरी तरह उखड़ चुका है और जगह-जगह बड़े गड्ढे तथा नुकीले पत्थर उभर आये हैं, जिससे यात्रा करना जोखिम भरा हो गया है.
भारी वाहनों के आवागमन से स्थिति हुई और खराब
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क केवल सिमरातरी और गरवन्ना गांव को ही नहीं जोड़ती, बल्कि क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग भी है. सुंदरपहाड़ी की ओर से आने वाले छोटे-बड़े वाहन इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. पथरा, बेलारी और सरोतिया होते हुए वाहन इसी रास्ते से दोमुंही की ओर आते-जाते हैं. लगातार भारी वाहनों के आवागमन और सड़क की खराब स्थिति के कारण मार्ग की हालत दिन-प्रतिदिन और खराब होती जा रही है. सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन दुपहिया और तिपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं.
मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में होती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. खराब सड़क के कारण वाहनों की गति धीमी हो जाती है, जिससे समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में दिक्कत होती है. ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि जनहित को देखते हुए सिमरातरी-गरवन्ना मार्ग का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाये. उनका कहना है कि दस वर्ष पूर्व निर्मित यह सड़क अब चलने योग्य नहीं रह गयी है और इसके पुनर्निर्माण से हजारों लोगों को राहत मिलेगी.
...