ठाकुरगंगटी में मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर, दो घायल

परसबन्नी मैदान के पास सड़क दुर्घटना, घायलों का हरिदेवी रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार

By SANJEET KUMAR | February 11, 2026 11:19 PM

ठाकुरगंगटी-रुंजी मुख्य मार्ग के परसबन्नी मैदान के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये. ग्रामीणों की मदद से घायलों को हरिदेवी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. जानकारी के अनुसार, मैनाचक निवासी 25 वर्षीय मो. हारून अपनी बहन को मैट्रिक परीक्षा केंद्र से लेने भतखोरिया जा रहा था. इसी दौरान परसबन्नी मैदान के समीप चपरी गांव निवासी 30 वर्षीय नंदन रविदास सामने से आ रहे थे. इस दौरान दोनों की मोटरसाइकिलों में जोरदार टक्कर हो गयी और दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आयी हैं. अस्पताल में मौजूद चिकित्सक गोपाल यादव ने प्राथमिक उपचार किया और सुरक्षित स्थिति में दोनों घायलों को उनके घर भेज दिया. घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थाना प्रभारी राजन कुमार राम ने दोनों मोटरसाइकिल जब्त कर ली हैं. उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को हमेशा सुरक्षित गति से वाहन चलाने का निर्देश दिया जा रहा है. उन्होंने विशेष रूप से कहा कि परीक्षा केंद्र से छात्र अपने घरों के लिए निकलते समय बाइक अनियंत्रित हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है.