पीपल का पत्ता तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरा अधेड़, कमर की हड्डी टूटी

नवडीहा गांव की घटना, गंभीर हालत में सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

By SANJEET KUMAR | June 15, 2026 10:55 PM

गोड्डा जिले में पेड़ों से गिरकर घायल होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. इसी क्रम में सोमवार दोपहर पोड़ैयाहाट प्रखंड के नवडीहा गांव में पीपल का पत्ता तोड़ने के दौरान एक अधेड़ व्यक्ति पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में उसकी कमर की हड्डी टूट गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवडीहा गांव निवासी गोपाल पंडित पशुओं के चारे के लिए गांव स्थित एक पीपल के पेड़ पर चढ़े थे. पेड़ की ऊंचाई पर पहुंचकर पत्ते तोड़ने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वे सीधे जमीन पर आ गिरे. गिरते ही वे दर्द से कराहने लगे. चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण एवं परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी. सूचना मिलते ही स्वास्थ्यकर्मियों के साथ एंबुलेंस मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को सावधानीपूर्वक सदर अस्पताल ले जाया गया. सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि अधिक ऊंचाई से गिरने के कारण गोपाल पंडित की कमर, विशेष रूप से रीढ़ की हड्डी के समीप गंभीर चोट आयी है. उनकी स्थिति का आकलन करने के लिए एक्स-रे सहित अन्य आवश्यक जांचें करायी जा रही हैं. फिलहाल उन्हें दर्द निवारक दवाएं एवं अन्य आवश्यक उपचार दिये गये हैं तथा उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.