हनवारा बाजार में उलझे बिजली के तार, हादसे की चेतावनी

जर्जर तारों से बिजली आपूर्ति जारी, स्थानीय लोग और दुकानदार जोखिम में

By SANJEET KUMAR | April 30, 2026 11:14 PM

महागामा प्रखंड क्षेत्र के हनवारा बाजार में बिजली तारों का उलझा हुआ जाल अब लोगों के लिए गंभीर खतरे का कारण बन गया है. हनवारा पंचायत भवन के समीप तार बेतरतीब लटके हुए हैं, जिनमें कई तार टूटे हुए भी हैं. इसी जर्जर स्थिति के बावजूद बिजली आपूर्ति चल रही है, जो विभाग की लापरवाही को उजागर करती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नयी नहीं है. बीते वर्ष इसी स्थान पर एक 7 वर्षीय मासूम को करंट लगने से मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं किया गया. आज भी वही हालात बने हुए हैं, जिससे हर समय हादसे की संभावना बनी रहती है. कई दुकानें इन खतरनाक तारों के नीचे संचालित हो रही हैं. दुकानदार बताते हैं कि उन्हें प्रतिदिन डर के साये में व्यापार करना पड़ता है. विशेषकर बारिश के मौसम में यह खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि खुले और टूटे तारों से करंट फैलने का जोखिम रहता है. ग्रामीणों और व्यापारियों ने बिजली विभाग से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. विभाग की उदासीनता से लोगों में गुस्सा और आक्रोश व्याप्त है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर तारों को व्यवस्थित करने और जर्जर तारों को बदलने की मांग की है ताकि किसी बड़े हादसे से पहले स्थिति को नियंत्रित किया जा सके.