जमुआ गांव में चोरों का तांडव, घर से लाखों की संपत्ति चोरी

गोड्डा में दिनदहाड़े चोरी की वारदात, फोरलेन इलाके में सुरक्षा पर उठे सवाल

By SANJEET KUMAR | April 10, 2026 10:52 PM

गोड्डा जिला मुख्यालय गोड्डा के नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. ताजा मामला गोपलाडीह फोरलेन ओवरब्रिज के बगल में स्थित जमुआ गांव का है, जहां शुक्रवार को दिनदहाड़े ललिता ब्रह्मचारी (पति- आशुतोष ठाकुर) के घर को चोरों ने निशाना बनाया और लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो गये. जानकारी के अनुसार, दोपहर 2:30 बजे के बाद ललिता ब्रह्मचारी अपनी पुत्री के साथ अपने दुकान पर गयी थीं. घर खाली देखकर चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर लगभग 25 भर चांदी, 1 भर सोना और 30,000 रुपये नकद लेकर वारदात को अंजाम दिया. घटना की जानकारी शाम 4:30 बजे घर लौटने पर हुई. सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. हालांकि नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली ने बताया कि पीड़िता की ओर से आवेदन अभी तक नहीं मिला है. आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.

फोरलेन ओवरब्रिज पर अपराधियों ने मचाया था तांडव

यह घटना उसी इलाके में हुई, जहां 4 अप्रैल की रात बाइक सवार अपराधियों ने फोरलेन पर सात राउंड फायरिंग कर लोगों में दहशत फैलायी थी. इस दौरान लूट का विरोध करने पर तीन बाइक सवार अपराधियों ने दो युवकों पर फायरिंग की थी. घटना में असगर अंसारी के पैर में गोली लगी थी, जबकि उनका साथी बाल-बाल बच गया था. लगातार हो रही चोरी, लूटपाट और फायरिंग जैसी घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्ती न होने के कारण फोरलेन इलाके में अपराध बढ़ता जा रहा है. साथ ही यह सड़क नशे के कारोबार के लिए भी मुफीद साबित हो रही है.