शिक्षकों की मासिक बैठक में शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर

बीपीओ मो. कमालुद्दीन ने दी दिशा-निर्देश और लापरवाही पर चेतावनी

By SANJEET KUMAR | April 8, 2026 11:05 PM

पोड़ैयाहाट प्रखंड के मध्य विद्यालय सभागार में बुधवार को शिक्षकों की मासिक बैठक आयोजित की गयी. बैठक का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना था. कार्यक्रम की अध्यक्षता बीपीओ मो. कमालुद्दीन ने की. बैठक में प्रखंड के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और शिक्षक उपस्थित थे. शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे प्रतिदिन विद्यालय में शिक्षक व बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करें. साथ ही कक्षा प्रथम से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को शत प्रतिशत प्रमोशन और आईडी कार्ड बनाने पर विशेष ध्यान दें. बैठक में एचपीवी वैक्सीन पर भी जोर दिया गया. किसी भी प्रकार की लापरवाही पाये जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गयी. बैठक में मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिये कि भोजन वितरण का समय निर्धारित रखते हुए प्रतिदिन सही समय पर एसएमएस के माध्यम से जानकारी अपडेट की जाये. इससे योजना की पारदर्शिता बनी रहेगी और बच्चों को समय पर पौष्टिक आहार मिल सकेगा. सभी विद्यालयों को अपने-अपने पोषक क्षेत्र में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. शिक्षकों से कहा गया कि वे घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करें और स्कूल से बाहर बच्चों को चिन्हित कर उनका नामांकन करायें. बीपीओ मो. कमालुद्दीन ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ तभी सही तरीके से मिलेगा, जब सभी शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से पालन करेंगे. उन्होंने सभी शिक्षकों से निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की. बैठक में अमित कुमार, सरिता कुमारी, मोती हरिजन भी उपस्थित थे.