गोड्डा-रामगढ़ मार्ग पर टोटो पलटा, एक घायल

घंघराबांध गांव में दुर्घटना, अन्य यात्रियों को लगी मामूली चोट

By SANJEET KUMAR | June 1, 2026 10:26 PM

गोड्डा-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर घंघराबांध गांव में बकरी को बचाने के क्रम में एक चलती टोटो पलट गयी, जिसमें एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि अन्य यात्री मामूली चोटों के साथ सुरक्षित रहे. मिली जानकारी के अनुसार, गोड्डा से देवडांड़ जा रही टोटो अचानक सड़क पर आ गयी बकरी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गयी. इस दौरान टोटो पर सवार विजय मिर्धा, जो दामा गांव के निवासी हैं, बुरी तरह घायल हो गये. दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें गोड्डा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि विजय मिर्धा के सिर में गंभीर चोट आयी है. अस्पताल की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाये हुए है और उन्हें उचित उपचार दिया जा रहा है. घटना से घायल के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि मुख्य मार्ग पर मवेशियों के अचानक सड़क पर आने से आये दिन इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने प्रशासन से मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.