अखाड़े में पहलवानों ने दिखायी अपनी ताकत, फाइनल मुकाबला आज

महाशिवरात्रि पर मेहरमा में मेला और दो दिवसीय दंगल कुश्ती का आयोजन

By SANJEET KUMAR | February 16, 2026 10:35 PM

मेहरमा प्रखंड क्षेत्र के मधुरा में महाशिवरात्रि के अवसर पर सोमवार को मेला सह दो दिवसीय दंगल कुश्ती का आयोजन किया गया. दंगल कुश्ती का उद्घाटन समाजसेवी एवं भाजपा नेता अशोक कुमार सिंह ने फीता काटकर किया. इस दौरान झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आये महिला व पुरुष पहलवानों ने अखाड़े में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया. उद्घाटन समारोह में श्री सिंह ने बताया कि यह दंगल कुश्ती स्वर्गीय चुल्हाई सिंह की पुण्य स्मृति में पिछले 17 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में देशभर के पहलवान अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करने आये हैं. दंगल कुश्ती का फाइनल मुकाबला आज मंगलवार को होगा. फाइनल में प्रथम विजेता को 15,000 रुपये नकद, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 10,000 रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वाले को 5,000 रुपये पुरस्कार दिया जाएगा. अन्य प्रतियोगियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. मेले और दंगल कुश्ती को सुचारू रूप से व्यवस्थित करने में अध्यक्ष यमुना प्रसाद सिंह, सुधीर सिंह, राजेंद्र चौबे, लालबहादुर सिंह, हरिकिशोर सिंह, रिंकू सिंह, राजेश सिंह, रितेश कुमार और अंकित कुमार सहित शिवम कुमार सक्रिय रहे.