दो छात्रों ने आकांक्षा परीक्षा में पायी सफलता

समर्पित गर्ग ने मेडिकल स्ट्रीम में जिले में प्रथम स्थान तथा राज्य स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त किया है

By DEEPESH KUMAR | June 15, 2026 7:50 PM

गिद्धौर. प्रखंड के उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय के दो छात्रों ने राज्य स्तरीय आकांक्षा कार्यक्रम 2026 में उत्कृष्ट सफलता हासिल कर विद्यालय व जिले का नाम रोशन किया है. सफल छात्रों में समर्पित गर्ग (पिता प्रणेश कुमार अग्रवाल) एवं आदर्श कुमार (पिता कमलेश कुमार) शामिल हैं. समर्पित गर्ग ने मेडिकल स्ट्रीम में जिले में प्रथम स्थान तथा राज्य स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त किया है. वहीं आदर्श कुमार ने इंजीनियरिंग स्ट्रीम में जिले में पहला एवं राज्य स्तर पर छठा स्थान हासिल किया है. दोनों छात्र आपस में चचेरे भाई हैं. उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है. विद्यालय के शिक्षकों ने दोनों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया.