अध्यक्ष के लिए एक, वार्ड पार्षद के लिए दो नामांकन

नगर परिषद चुनाव को लेकर दिन भर रही गहमागहमी

By DEEPESH KUMAR | January 31, 2026 9:36 PM

चुनाव. नगर परिषद चुनाव को लेकर दिन भर रही गहमागहमी चतरा. नगर परिषद चुनाव के नामांकन के तीसरे दिन शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए एक, जबकि वार्ड पार्षद के लिए दो लोगों ने नामांकन किया. अध्यक्ष पद के लिए अताउर रहमान व वार्ड नंबर 16 से उज्ज्वल कुमार व वार्ड 14 से रोकसार परवीन ने नामांकन पर्चा दाखिल किया. वहीं अध्यक्ष पद के लिए पांच नामांकन पर्चों की बिक्री हुई. नामांकन पर्चा खरीदने वालाें में सुजीत कुमार जायसवाल, निर्मल चंद्र यादव, राजवीर, अमन कुमार व हिमांशु कुमार शामिल हैं. वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए 40 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई. अध्यक्ष पद के लिए नामांकन समाहरणालय स्थित अपर समाहर्ता कार्यालय में किया जा रहा है, वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन नगर परिषद कार्यालय में हो रहा है. तीन दिनों में अध्यक्ष पद के लिए दो व वार्ड पार्षद पद के लिए तीन लोगों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया है. चुनाव को लेकर शहर में गहमा गहमी का माहौल है. चुनाव लड़ने वाले लोग नामांकन पर्चा खरीदने, नो ड्यूज कराने व अन्य प्रक्रिया में जुटे हुए हैं .वहीं दूसरी ओर चौक-चौराहों व गली मुहल्लों में चुनाव की चर्चा हो रही है. मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है. नामांकन चार फरवरी तक होगा. पांच फरवरी को स्क्रूटनी, छह फरवरी को नाम वापसी व सात फरवरी को चुनाव चिह्न आवंटित किया जायेगा. वहीं 23 फरवरी को चुनाव व 27 फरवरी को मतगणना होगी.