किसानों को दी गयी वैज्ञानिक खेती की जानकारी

खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों की बैठक बुलायी गयी

By DEEPESH KUMAR | June 12, 2026 7:56 PM

गिद्धौर. प्रखंड कार्यालय सभागार में खेत बचाओ अभियान के तहत शुक्रवार को किसानों की बैठक बुलायी गयी. बैठक में एलडीएम देवास अहमद हसन ने किसानों को संतुलित उर्वरकों के उपयोग, मेढ़बंदी तथा कम अवधि वाली फसलों की खेती के बारे में जानकारी दी. उन्होंने ऊपरी भूमि में मक्का, ज्वार व बाजरा जैसी फसलों की खेती करने की सलाह दी. साथ ही खरीफ मौसम में लगने वाले प्रमुख कीटों की पहचान एवं नियंत्रण, रासायनिक कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग तथा खेती में आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर दिया गया. किसानों को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं की भी जानकारी दी गयी. बैठक में कृषिका ऐप के माध्यम से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया भी समझायी गयी. मौके पर बीडीओ राहुल देव, झारखंड ग्रामीण बैंक शाखा प्रबंधक गौतम कुमार, बैंक ऑफ इंडिया शाखा प्रबंधक, बीटीएम प्रभात कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे.