चतरा के 40वें उपायुक्त के रूप में रवि आनंद ने दिया योगदान

नये उपायुक्त ने कहा कि महिला व बाल विकास, शिक्षा के सुदृढ़ीकरण, राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करना प्राथमिकता होगी.

By DEEPESH KUMAR | April 18, 2026 4:34 PM

चतरा. जिले के 40वें उपायुक्त के रूप में रवि आनंद ने शनिवार को योगदान दिया. उन्होंने निवर्तमान उपायुक्त कीर्तिश्री जी से पदभार ग्रहण किया. इस मौके पर नये उपायुक्त ने कहा कि महिला व बाल विकास, शिक्षा के सुदृढ़ीकरण, राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करना प्राथमिकता होगी. जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों की समस्याएं सुनी जायेंगी और उनका त्वरित समाधान किया जायेगा. प्रखंडों में भी जाकर ग्रामीणों से मिल कर समस्याएं सुन कर समाधान किया जायेगा. उन्होंने कहा कि जिले का समग्र विकास सभी विभागों के साथ समन्वय व टीम भावना के साथ किया जायेगा. स्वास्थ्य विभाग की बैठक कर स्वास्थ्य समस्याओं की समीक्षा की जायेगी. डीएमएफटी की राशि से समस्याओं को दूर किया जायेगा, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य की सुविधा मिल सके. 10 दिनों के अंदर जिले की विभिन्न पंचायतों में पेयजल निवारण पखवारा चलाया जायेगा. इस दौरान पंचायतों में खराब चापानल को देखा जायेगा. इसे ठीक कर पेयजल की समस्या को दूर किया जायेगा. मौके पर डीडीसी अमरेंद्र कुमार सिन्हा, एसी अरविंद कुमार, एसडीओ जहूर आलम, सिमरिया एसडीओ सह डीटीओ महेश्वरी प्रसाद, डीआरडीए डायरेक्टर अलका कुमारी, जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नु कुमार, डीपीआरओ शकील अहम समेत कई उपस्थित थे. मालूम हो कि रवि आनंद इसके पूर्व जामताड़ा के उपायुक्त थे.