अस्पताल से स्कूल तक उपायुक्त का निरीक्षण, लापरवाही पर नाराजगी

सबसे पहले उन्होंने सिमरिया रेफरल अस्पताल का निरीक्षण किया

By DEEPESH KUMAR | June 15, 2026 7:39 PM

सिमरिया. उपायुक्त रवि आनंद सोमवार को सिमरिया पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न सरकारी संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. सबसे पहले उन्होंने सिमरिया रेफरल अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान अस्पताल की विधि-व्यवस्था, टीएमसी कुपोषित सेवा केंद्र, चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति तथा साफ-सफाई की जांच की. अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिये. उन्होंने चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया. साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. इसके बाद उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय एवं राजकीय आवासीय बालिका उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया. उन्होंने छात्रावास वार्ड का जायजा लिया और छात्राओं से भोजन, पढ़ाई व रहने की व्यवस्था के संबंध में बातचीत की. उपायुक्त ने नियमित कक्षाएं संचालित करने, शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त जबड़ा स्वास्थ्य केंद्र भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा ओपीडी व्यवस्था की जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर विकास योजनाओं की समीक्षा की और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. मौके पर एसडीओ प्रदीप कुमार महतो, बीडीओ चंद्रदेव प्रसाद समेत कई अधिकारी मौजूद थे.