चित्रों के माध्यम से बच्चों ने दिखायी पर्यावरण के प्रति जागरूकता

इको पार्क में पेंटिंग प्रतियोगिता, कौलेश्वरी में प्लास्टिक मुक्त स्वच्छता अभियान

By DEEPESH KUMAR | June 4, 2026 8:19 PM

: इको पार्क में पेंटिंग प्रतियोगिता, कौलेश्वरी में प्लास्टिक मुक्त स्वच्छता अभियानचतरा. विश्व पर्यावरण दिवस के साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत गुरुवार को इको पार्क स्थित एंफीथियेटर में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. इंदुमती टिबड़ेवाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रामेश्वर लाल खंडेलवाल विद्या मंदिर, नाजरेथ स्कूल व डीएवी के बच्चों के बीच तीन वर्ग जूनियर, सीनियर व ओपन में प्रतियोगिता करायी गयी. बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियााली, जल संरक्षण व स्वच्छ पर्यावरण से जुड़े विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया. प्रभारी वनपाल कमल किशोर ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों व आम लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पर्यावरण दिवस पर मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पुरस्कृत किया जायेगा. मौके पर प्रभारी वनपाल धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, रोहित प्रसाद यादव, प्रधान वनरक्षी अनुज कुमार, मो खुर्शिद आलम, राकेश कुमार, सुरेश कुमार दास समेत कई शिक्षक व बच्चो के अभिभावक उपस्थित थे.

स्वच्छता अभियान चला

हंटरगंज. वन विभाग के कर्मियों व कौलेश्वरी प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर प्लास्टिक मुक्त को लेकर स्वच्छता अभियान चलाया गया. इस दौरान आरोग्य वन पार्क से लेकर कौलेश्वरी की तलहटी हटवारिया तक स्वच्छता अभियान चलाया गया. इधर-उधर फेंका हुआ प्लास्टिक को बोरा में उठाया गया. साथ ही दुकानदार व श्रद्धालुओं को प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने को लेकर जागरूक किया गया. प्लास्टिक से होने वाले नुकसान की भी जानकारी दी गयी. मौके पर प्रभारी वनपाल पवन कुमार, संत सिंह, विधायक प्रतिनिधि रोशन सिंह, प्रबंधन समिति के सदस्य कौशलेंद्र कुमार सिंह के अलावा कई लोग उपस्थित थे.