सड़क हादसे में जख्मी युवक की इलाज के दौरान मौत

उसके पिता जयनारायण यादव बदहवास स्थिति में हैं

By RAJEEV KUMAR JHA | May 13, 2026 6:39 PM

छातापुर. थाना क्षेत्र के कटहरा पंचायत वार्ड संख्या आठ में मंगलवार की रात सड़क हादसे में जख्मी युवक की इलाज के दौरान बुधवार की सुबह मौत हो गई. मृतक युवक 20 वर्षीय रूपेश कुमार कटहरा वार्ड संख्या नौ निवासी जयनारायण यादव के पुत्र बताया जा रहा है. नेपाल के विराटनगर स्थित न्यूरो अस्पताल में इलाज के दौरान अहले सुबह हुई मौत की खबर से परिजन व ग्रामीणों में शोक की लहर है. जानकारी के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य व ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे. युवक की असामयिक हुई मौत पर दुख जताते परिजनों को ढांढस बंधाया. जानकारी अनुसार मृतक रूपेश दो भाइयों में छोटा और 12 वीं का छात्र था. घटना की रात वह किसी के बाइक पर पीछे बैठकर किसी जरूरी कार्य से जा रहा था. वार्ड संख्या आठ में मुन्ना साह के घर के समीप बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बरगद के पेड से टकरा गई, जहां पीछे बैठे रूपेश पेड़ से जा टकराया और उसके गुप्तांग के पास गंभीर चोट लग गई. जबकि बाइक चला रहा युवक मामूली रूप से चोटिल हुआ है. समाजसेवी चंदन कुमार यादव सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि रूपेश की दुर्भाग्यवश हुई मौत से सभी आहत हैं. उसके पिता जयनारायण यादव बदहवास स्थिति में हैं. मौत से आहत परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराये बिना ही अपराह्न काल अंतिम संस्कार कर दिया.