मछली पकड़ रहे युवक की करेंट से मौत

घटना गुरुवार की शाम की बताई जा रही है

By RAJEEV KUMAR JHA | February 13, 2026 7:31 PM

त्रिवेणीगंज. थाना क्षेत्र के लतौना दक्षिण पंचायत के कशहा दास टोला वार्ड एक से गुजरने वाली बघला नदी में मछली पकड़ने के दौरान करेंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घटना गुरुवार की शाम की बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार महेशुआ पंचायत के बेलोखरी वार्ड संख्या 14 निवासी डोमी साह के 28 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार अपने एक साथी के साथ कशहा दास टोला के समीप बहने वाली बघला नदी में मछली पकड़ने के क्रम में अचानक करेंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए. आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया. परिजनों को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और जख्मी अवस्था में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज लाया. जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है. वही घटना के बाद पत्नी रानी कुमारी एवं माता अनीता देवी की रो रो कर बुरा हाल है. मालूम हो कि मृतक कि शादी पिपरा थाना क्षेत्र के बसहा गावं में एक माह पूर्व ही हुई थी.