Supaul सिलेंडर विस्फोट से तीन घर जले, बड़ा हादसा टला

नगर परिषद के वार्ड नंबर एक स्थित पुनर्वास क्षेत्र में सोमवार रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

By AMIT KR SINHA | April 28, 2026 12:28 PM

सुपौल से राजीव झा की रिपोर्ट Supaul News : नगर परिषद के वार्ड नंबर एक स्थित पुनर्वास क्षेत्र में सोमवार रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते सुनील पंडित और कपिल पंडित के घर पूरी तरह इसकी चपेट में आ गए, जबकि आसपास के तीन घर जलकर राख हो गए.

सिलेंडर फटते ही आग ने लिया विकराल रूप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने की वजह गैस सिलेंडर का विस्फोट बताया जा रहा है. सिलेंडर फटते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया. विस्फोट के बाद सिलेंडर उछलकर पास में रहने वाले धर्मेंद्र के घर की ओर जा गिरा, लेकिन सौभाग्य से उनके घर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और एक बड़ी दुर्घटना टल गई.

इलाके में अफरातफरी का माहौल

घटना के दौरान इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण आग पर काबू पाने में देरी हुई. लोगों का कहना है कि यदि दमकल समय पर पहुंचती, तो नुकसान कम हो सकता था. हालांकि बाद में पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस हादसे में करीब तीन लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया. सदर अंचल अधिकारी (सीओ) ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को जल्द ही सहायता प्रदान की जाएगी.