सुपौल के किसनपुर बाजार में जलजमाव से बढ़ी परेशानी, नाला निर्माण और अतिक्रमण हटाने की मांग

Supaul news: स्थानीय दुकानदारों सीताराम रजक, लव चौधरी, विनोद शाह, शाहनवाज हुसैन, जगदीश चौधरी, महेश्वरी ठाकुर और रजनीकांत चौधरी ने बताया कि पिछले वर्ष जनसहयोग से जल निकासी के लिए सड़क के नीचे प्लास्टिक पाइप लगाया गया था. उसी पाइप के माध्यम से पानी की निकासी होती थी. लेकिन भारी वाहन गुजरने के दौरान पाइप क्षतिग्रस्त होकर जाम हो गया, जिससे जल निकासी पूरी तरह बंद हो गई.

By Shruti Kumari | May 29, 2026 10:42 AM


मुख्य सड़क पर जमा गंदे पानी से राहगीर व दुकानदार परेशान, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग

किसनपुर (सुपौल) से जीवछ प्रसाद की रिपोर्ट:

Supaul news: किसनपुर बाजार के गोल चौक से पूरब मछली हाट तक मुख्य सड़क के दक्षिणी किनारे जलजमाव की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं. करीब एक फीट तक जमा गंदे पानी के कारण राहगीरों और दुकानदारों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय दुकानदारों सीताराम रजक, लव चौधरी, विनोद शाह, शाहनवाज हुसैन, जगदीश चौधरी, महेश्वरी ठाकुर और रजनीकांत चौधरी ने बताया कि पिछले वर्ष जनसहयोग से जल निकासी के लिए सड़क के नीचे प्लास्टिक पाइप लगाया गया था. उसी पाइप के माध्यम से पानी की निकासी होती थी. लेकिन भारी वाहन गुजरने के दौरान पाइप क्षतिग्रस्त होकर जाम हो गया, जिससे जल निकासी पूरी तरह बंद हो गई.

दुकानदारों ने बताया कि क्षेत्र का सरकारी नाला भी पहले से जाम है. बारिश होने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा पानी सड़क पर फैल जाता है. इसके अलावा सड़क किनारे कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर सामान रखने से लोगों के चलने के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं बची है. ऐसे में लोगों को मजबूरन गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द नाला निर्माण कराने तथा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की है. उनका कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से बाजार आने वाले लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है.

इस संबंध में अंचलाधिकारी सुशीला कुमारी ने कहा कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए जल्द कार्रवाई की जाएगी.