रेलवे गुमटी है बंद, लोगों की दिनचर्या पर पड़ने लगा असर, समाधान निकालने पर हुआ विचार विमर्श

सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर में मंगलवार देर रात स्थानीय लोग, व्यापारी और जनप्रतिनिधियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई

By RAJEEV KUMAR JHA | April 1, 2026 7:01 PM

राघोपुर. प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही अंतर्गत दुर्गापुर स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर में मंगलवार देर रात स्थानीय लोग, व्यापारी और जनप्रतिनिधियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक में रेलवे गुमटी बंद होने से उत्पन्न गंभीर समस्याओं पर चर्चा की गई. जिसे लेकर लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला. स्थानीय निवासियों ने बताया कि गुमटी बंद होने से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. विशेष रूप से शिव मंदिर में पूजा करने जाने वाले बुजुर्गों और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं मुस्लिम समुदाय के लोगों को जनाजा लेकर कब्रिस्तान तक पहुंचने के लिए लगभग चार किलोमीटर का लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जो काफी कष्टदायक है. स्कूली बच्चों के लिए भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, क्योंकि उन्हें ओवरब्रिज पार कर स्कूल जाना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा बना रहता है. व्यापारियों ने भी अपनी परेशानी जताते हुए कहा कि गुमटी बंद होने से राघोपुर बाजार की रौनक खत्म हो गई है. उनके व्यवसाय पर सीधा असर पड़ा है. बैठक में मौजूद लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान निकालने की मांग की. इस दौरान सागर यादव, राजेश पगड़िया, संजू पगड़िया, राहुल महासेठ, मयंक गुप्ता, गोपाल चांद, कपिल कुमार, अमित यादव, बलराम यादव, मो शमशेर सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे.