SUPAUL जदिया बाजार में एनएच-327 चौड़ीकरण पर विरोध: दुकानदारों ने बाइपास निर्माण की उठाई मांग

जदिया बाजार से गुजर रही एनएच-327 के प्रस्तावित चौड़ीकरण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है.

By AMIT KR SINHA | April 29, 2026 10:28 AM

जदिया (सुपौल) से उमेश कुमार की रिपोर्ट SUPAUL NEWS :

जदिया बाजार से गुजर रही एनएच-327 के प्रस्तावित चौड़ीकरण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है. इसी मुद्दे पर क्षेत्रवासियों ने सांसद दिलेश्वर कामत को मांग पत्र सौंपकर बाजार क्षेत्र से बाहर बाइपास सड़क निर्माण की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मौजूदा मार्ग पर ही चौड़ीकरण किया गया, तो बाजार की कई दुकानें सड़क की जद में आ जाएंगी. इससे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है. ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जदिया बाजार घनी आबादी वाला इलाका है, जहां पहले से ही जाम और भीड़भाड़ की समस्या बनी रहती है. ऐसे में चौड़ीकरण के बाद दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ सकती है. लोगों ने सुझाव दिया कि बाजार के बाहर से बाइपास सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि यातायात सुगम हो सके और व्यापार पर भी प्रतिकूल प्रभाव न पड़े. मांग पत्र सौंपने वालों में नरेंद्र ऋषिदेव, कुलदीप मेहता, रामचंद्र पोदार, कमल ठाकुर, मोहन सिंह, भूषण दिवाकर, राजेश पौद्दार, प्रमोद सिंह, बिनोद भगत सहित कई स्थानीय लोग शामिल थे. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर सकारात्मक पहल करेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा.