नाले किनारे मिली नवजात का शव, किया दफन

थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 13 में रविवार की सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई

By RAJEEV KUMAR JHA | March 1, 2026 6:27 PM

राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 13 में रविवार की सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई. जिसने पूरे इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया. डाक बंगला परिसर व पीडब्ल्यूडी कार्यालय के समीप नाले के किनारे एक नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. सुबह की हल्की धूप और रोजमर्रा की चहल-पहल के बीच यह दृश्य हर किसी को स्तब्ध कर देने वाला था. नवजात की नन्हीं हथेलियों पर इंट्राकेट लगा हुआ था, मानो उसे बचाने की कोशिश की गई हो. उसकी नाक से निकला खून कई अनुत्तरित सवाल खड़े कर रहा था. पास में पड़ी एक चादर को देखकर स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि वह किसी अस्पताल की हो सकती है. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. लोगों ने तत्काल जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को सूचना दी. प्रशासन की सहमति के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पास ही एक गड्ढा खोदकर नवजात के शव को दफना दिया गया. उस दौरान मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थी किसी के मन में आक्रोश था तो किसी के भीतर गहरी पीड़ा. घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गईं. कोई इसे अस्पताल की लापरवाही या संलिप्तता से जोड़कर देख रहा है, तो कोई उस मासूम के माता-पिता को कोस रहा है.